झांसी में मतदाता पंजीकरण का विशेष अभियान, निरीक्षण में चार बूथों के बीएलओ अनुपस्थित, कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शनिवार को जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मतदाता पंजीकरण का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 383 से 386 पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चार बूथों पर बीएलओ अनुपस्थित मिलने से नाराज हुए जिलाधिकारी
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मऊरानीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद विधानसभा क्षेत्र संख्या 224 के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय रेलवे स्टेशन, मऊ देहात के भाग संख्या एक एवं चार का निरीक्षण किया। इस दौरान बूथ संख्या 383 से 386 पर नियुक्त बीएलओ अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कम्पोजिट विद्यालय मेलोनी स्थित बूथ संख्या 390 का निरीक्षण किया, जहां बीएलओ किरण देवी उपस्थित पाई गईं। जिलाधिकारी ने उनसे मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। जिन पात्र व्यक्तियों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से अभियान का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पारदर्शिता से पूरा करें अभियान
विशेष अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि मतदाता पंजीकरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और अभियान से जुड़े कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता पंजीकरण का अवसर मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मनोज आर्य, उपायुक्त शिखर कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
