बांगरमऊ में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर आईं 65 शिकायतें, केवल पांच का मौके पर निस्तारण

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। तहसील सभागार में शनिवार को उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से केवल पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जा सका। शेष 60 शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सबसे अधिक 36 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। समाज कल्याण विभाग की तीन शिकायतों में से दो का समाधान हुआ। इसके अलावा खाद्य एवं रसद विभाग की तीन, विकास विभाग की दस, विद्युत विभाग की तीन और अन्य विभागों से संबंधित दस शिकायतें प्राप्त हुईं।
जमीन की पैमाइश और आदेश का पालन नहीं होने की शिकायत
ग्राम जिरिकपुर निवासी कमलेश ने चकबंदी पैमाइश के दौरान गाटा संख्या 511 और 512 में कुल 0.041 हेक्टेयर भूमि कम होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने भूमि की सही पैमाइश कराकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
वहीं, ग्राम रबड़ी निवासी वासुदेव ने शिकायत की कि वाद संख्या 2306/2023 में 21 जून 2024 को हुए हिस्सा फाड़ आदेश का अब तक क्रियान्वयन नहीं किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
दो साल से मनरेगा मजदूरी नहीं मिलने का आरोप
ग्राम जोगीकोट निवासी नूरजहाँ और रेशमा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मनरेगा मजदूरी का भुगतान दो वर्ष बीत जाने के बाद भी नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने लंबित मजदूरी का भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। इसी तरह ग्राम गहरपुरवा निवासी विधवा राजरानी ने आरोप लगाया कि उनकी पट्टे की जमीन पर उनके देवर छोटेलाल ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने प्रशासन से जमीन को कब्जामुक्त कराने की गुहार लगाई।
शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश
उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार सहित राजस्व, विकास, समाज कल्याण, विद्युत तथा अन्य विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। कुल 65 शिकायतों में से पांच का ही मौके पर निस्तारण होने के कारण अधिकांश फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों की आगे की कार्रवाई का इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *