
मुंबई। अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने दूसरी शादी की अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि गोविंदा की दूसरी शादी का कोई सवाल ही नहीं है और ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। हाल ही में सुनीता आहूजा ने दावा किया था कि उन्होंने अपना तलाक का मामला इसलिए वापस लिया क्योंकि कथित तौर पर गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार शादी की योजना बना रहे थे। इस दावे के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। एक इंटरव्यू में गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं यह बात आपसे सुन रहा हूं। ऐसा कुछ नहीं है और नहीं होगा। कोई दूसरी शादी नहीं हो रही है। वह उनकी पत्नी हैं और उनके मन में जरूर कुछ चल रहा होगा कि उन्होंने ऐसा कहा।” उन्होंने आगे कहा कि यदि गोविंदा वास्तव में दूसरी शादी करना चाहते, तो तलाक की पहल वही करते। शशि सिन्हा ने कहा कि दोनों परिपक्व लोग हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे अपने मतभेद सुलझाकर रिश्ते को बेहतर बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के हित में परिवार में सकारात्मक माहौल रहना जरूरी है। विवाद तब और बढ़ गया जब गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार को एयरपोर्ट पर एक साथ देखा गया। इसके बाद सुनीता आहूजा ने मीडिया से बातचीत में गोविंदा पर तीखी टिप्पणी करते हुए उनके और कोमल के रिश्ते पर सवाल उठाए। जवाब में गोविंदा ने सार्वजनिक रूप से कहा कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश न की जाए और बयान देते समय मर्यादा का ध्यान रखा जाए। गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी मार्च 1987 में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं—टीना आहूजा और यशवर्धन आहूजा। फिलहाल दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं, लेकिन दूसरी शादी को लेकर गोविंदा की ओर से किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

