
मुंबई। शीव (सायन) स्थित लोकमान्य तिलक सर्वसाधारण अस्पताल में क्षमता विस्तार परियोजना का कार्य चल रहा है। शनिवार को अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने अस्पताल का दौरा कर परियोजना के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के आपातकालीन विभाग, विभिन्न वार्ड, एमआईसीयू, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष, मुख्य अस्पताल भवन के चरण क्रमांक-2ए तथा ऑन्कोलॉजी भवन में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि नए विकसित होने वाले अस्पताल में नागरिकों, मरीजों, निवासी डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए विश्राम एवं मनोरंजन की सुविधाएं भी विकसित की जाएं।अस्पताल में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नागरिकों की सुविधा हेतु डिजिटल भुगतान की व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। नियंत्रण कक्ष में नियमित रूप से कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी के माध्यम से अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की निगरानी करने को कहा गया, ताकि निर्धारित समय से पहले अस्पताल से जाने वाले कर्मचारियों पर नजर रखी जा सके।उन्होंने बताया कि बीएमसी मुख्यालय में मानव संसाधन विभाग द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी की जा रही है। इसी तर्ज पर अस्पताल के नियंत्रण कक्ष से पब्लिक एड्रेस सिस्टम लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता को प्राथमिकता देने, कर्मचारियों को निर्धारित यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने तथा चूहों और आवारा कुत्तों के उपद्रव को रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अस्पताल में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) लागू करने को कहा गया।इस अवसर पर उपायुक्त (परिमंडल-2) प्रशांत सपकाळे, उपायुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) शरद उघडे, संचालक (चिकित्सा शिक्षा एवं प्रमुख अस्पताल) डॉ. शैलेश मोहिते, सहायक आयुक्त (एफ/उत्तर) अरुण क्षीरसागर सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

