
पुणे। पिंपरी-चिंचवड़ के तथावड़े स्थित पोदार इंटरनेशनल स्कूल में मुख्य गेट गिरने से 52 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की मौत के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि स्कूल का मुख्य स्लाइडिंग गेट सही तरीके से स्थापित नहीं किया गया था और उसके रखरखाव तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों में लापरवाही बरती गई। पुलिस के अनुसार, मृतक सिक्योरिटी गार्ड संजय नागनाथ कांबले 31 जुलाई को सुबह करीब 8:10 बजे रोजाना की तरह स्कूल का मुख्य गेट खोल रहे थे। इसी दौरान गेट अचानक उनके ऊपर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान 2 अगस्त को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वाकड पुलिस ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला। पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल और प्रबंधन से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विट्ठल सालुंखे ने बताया कि स्कूल का गेट स्लाइडिंग गेट है और इस मामले में वाकड पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के लिए सीधे तौर पर कौन जिम्मेदार है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गेट की स्थापना, उसकी संरचना और रखरखाव में किस स्तर पर लापरवाही हुई तथा क्या स्कूल प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों का पालन किया था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

