
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर शिवसेना सांसदों के साथ शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संसद के मौजूदा मानसून सत्र, लोकसभा में शिवसेना सांसदों की भूमिका, महाराष्ट्र में चल रहे विकास कार्यों, केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय तथा राज्य में मौजूदा बारिश की स्थिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात के दौरान सभी सांसदों का आत्मीय स्वागत किया और महाराष्ट्र के विकास के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह, आतिथ्य और राज्य के विकास के प्रति उनकी सकारात्मक सोच ने सभी के मन में उनके प्रति सम्मान और भी बढ़ा दिया।इस अवसर पर शिवसेना संसदीय दल के नेता डॉ. श्रीकांत शिंदे, सांसद श्रीरंग बारणे, रवींद्र वायकर, नरेश म्हस्के, ओमराजे निंबाळकर, भाऊसाहेब वाघचौरे, संजय दिना पाटील, संजय जाधव, संजय देशमुख, नागेश पाटील आष्टीकर तथा राज्यसभा सांसद प्रो. डॉ. ज्योति वाघमारे भी उपस्थित रहीं।

