
मुंबई। मुंबई के विद्याविहार रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने गुरुवार सुबह परियोजना स्थल का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।मनपा के अनुसार, दो स्पैन की कंक्रीट कास्टिंग को छोड़कर फ्लाईओवर का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य 31 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद लोड टेस्ट और अन्य आवश्यक तकनीकी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे होने पर 8 सितंबर 2026 के बाद फ्लाईओवर को वाहनों के लिए खोलने की संभावना है।निरीक्षण के दौरान अभिजीत बांगर ने फ्लाईओवर के पूर्व और पश्चिम दिशा में उतरने के बाद मौजूद संकरे मार्गों के चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की। यह कार्य संबंधित वार्ड कार्यालय द्वारा किया जा रहा है, ताकि फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। इसके अलावा पुल के दोनों ओर यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण, संस्थान, फुटपाथ और पेड़ों से संबंधित आवश्यक नियोजन भी किया जा रहा है। व्यस्त समय में फ्लाईओवर के एप्रोच रोड पर ट्रैफिक जाम न हो, इसके लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर विस्तृत यातायात योजना तैयार की जा रही है। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (पुल) राजेश मुले सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

