Home Health & Fitness मुंबई में मशहूर मिठाई दुकान ‘तिवारी ब्रदर्स स्वीट्स’ पर खाद्य सुरक्षा को...

मुंबई में मशहूर मिठाई दुकान ‘तिवारी ब्रदर्स स्वीट्स’ पर खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल, काजू कतली में जंग लगी पिन मिलने का आरोप

0

मुंबई। दक्षिण मुंबई के चर्नी रोड स्थित ओपेरा हाउस इलाके की प्रसिद्ध मिठाई दुकान ‘तिवारी ब्रदर्स स्वीट्स’ पर खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। एक ग्राहक ने आरोप लगाया है कि दुकान से खरीदी गई काजू कतली के एक टुकड़े में लोहे की जंग लगी पिन मिली। घटना के बाद ग्राहक ने महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़डीए) में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता प्रणय पलांव के अनुसार, उन्होंने 29 जुलाई 2026 को दुकान से मोतीचूर के लड्डू और काजू कतली खरीदी थी। घर पर मिठाई खाते समय उन्हें कथित तौर पर काजू कतली के एक टुकड़े के भीतर लोहे की जंग लगी पिन दिखाई दी। उनका कहना है कि यह मिठाई वह अपनी तीन वर्षीय बेटी को देने वाले थे, लेकिन समय रहते पिन दिखाई देने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद ग्राहक ने मिठाई निर्माण और पैकेजिंग के दौरान अपनाई जाने वाली गुणवत्ता नियंत्रण (क्वालिटी कंट्रोल) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्राहक ने दुकान की रसोई का एक वीडियो भी रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया है। उनका दावा है कि वीडियो में रसोई क्षेत्र में साफ-सफाई की कमी दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई के भीतर एक शौचालय मौजूद है तथा एक अन्य वीडियो में गैस स्टोव पर रखी कढ़ाई में फर्श साफ करने वाला कपड़ा उबालते हुए दिखाई देता है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है, विशेषकर ऐसे समय में जब महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़डीए) राज्यभर में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ व्यापक अभियान चला रहा है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि एफ़डीए इस शिकायत की जांच करेगा और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ‘तिवारी ब्रदर्स स्वीट्स’ की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।

View this post on Instagram

A post shared by Prannoy Palav (@prannoy_palav)

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here