
ठाणे। मुंब्रा के रेतीबंदर इलाके में शनिवार को दत्ता मंदिर के पीछे अचानक जमीन का एक हिस्सा धंस गया। खांडेशी चाल के पास हुई इस घटना में ऊंचाई वाले हिस्से से बड़ी मात्रा में मिट्टी खिसककर सड़क पर आ गई। राहत की बात रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी तरह की जनहानि हुई। जमीन धंसने के बाद मिट्टी सड़क पर फैलने से कुछ समय के लिए वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मुंब्रा वार्ड कमेटी, डिजास्टर मैनेजमेंट सेल, फायर ब्रिगेड और टोरेंट पावर की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम ने सड़क पर जमा मिट्टी और मलबा हटाकर यातायात बहाल कराया। वहीं, जमीन के शेष हिस्से के अस्थिर होने और दोबारा धंसने की आशंका को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है। सिविक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के बाद एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र के पास रहने वाले नौ परिवारों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किए जाने तक इन परिवारों को वहां वापस नहीं लौटने की सलाह दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, जमीन धंसने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से घेराबंदी वाले क्षेत्र से दूर रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

