
मुंबई। कफ परेड पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में पिछले लगभग 10 महीनों से फरार चल रहे 31 वर्षीय आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अहमदाबाद से दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी गिरफ्तारी के बाद मुंबई, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता विपुल जयराज कपाड़िया (51) ने कफ परेड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मारुति सुज़ुकी स्विफ्ट डिजायर (MH-01-DE-7395) कफ परेड क्षेत्र से चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर प्रशांत नेरकर को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी लगातार अपने मोबाइल नंबर और ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, खुफिया सूचनाओं और मुखबिरों की मदद से उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। पुलिस टीम ने पांच दिनों तक गुजरात में डेरा डालकर निगरानी की। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अहमदाबाद से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सफर कर रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे ट्रेन से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय जयंती ठाकुर (31) के रूप में हुई है। वह गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर स्थित अमोरढोल दरवाजा के पास ठाकुर वास का निवासी है।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मुंबई के अलावा गुजरात, राजस्थान और दिल्ली में भी वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उससे अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (जोन-1, दक्षिण), सहायक पुलिस आयुक्त (कोलाबा डिवीजन), वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनोद गायकवाड़ तथा पुलिस निरीक्षक (अपराध) अनंत शिंदे के मार्गदर्शन में की गई। जांच टीम में सब-इंस्पेक्टर प्रशांत नेरकर के साथ पुलिसकर्मी फड़, पाटिल, खामकर, काकड़े, वाजे, जाधव और पत्थरुड शामिल रहे।

