
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। डॉ. आर.के.सोनी ने बुधवार को अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, झांसी मंडल के पद का कार्यभार ग्रहण किया। निवर्तमान अपर निदेशक डॉ. आर.के. सक्सेना ने उन्हें विधिवत कार्यभार सौंपते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ.सोनी इससे पूर्व भी लगभग दो वर्ष पहले झांसी मंडल में अपर निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर प्रशासनिक समन्वय तथा जनहित से जुड़े कार्यों की सराहना की गई थी। कार्यभार ग्रहण करने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और विश्वास जताया कि उनके अनुभवी नेतृत्व में झांसी मंडल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर डॉ.आर.के.सोनी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मंडल के सभी जनपदों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का संकल्प व्यक्त किया।

