बीएमसी का ‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान तेज: सांताक्रूज-विलेपार्ले में आयुक्त अश्विनी भिडे ने किया निरीक्षण, फुटपाथ चौड़े और सुगम बनाने के दिए निर्देश

मुंबई। मुंबई में पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने ‘पैदल यात्री प्रथम’ (Pedestrian First) अभियान के तहत फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की पहल तेज कर दी है। महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने बुधवार को पश्चिमी उपनगरों के सांताक्रूज और विलेपार्ले क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने एच/पश्चिम विभाग के तिलक मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग, एच/पूर्व विभाग के पंडित जवाहरलाल नेहरू मार्ग तथा के/दक्षिण विभाग के विलेपार्ले रेलवे स्टेशन मार्ग पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की। तिलक मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग पर फुटपाथों की स्थिति का जायजा लेते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को पैदल यात्रियों के आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथों का उपयोग नागरिकों के लिए सुगम और सुरक्षित होना चाहिए। विलेपार्ले रेलवे स्टेशन मार्ग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजूदा रेलिंग हटाकर फुटपाथ चौड़ा करने तथा यात्रियों की आवाजाही में आने वाली बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए फुटपाथों को अधिक सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया। आयुक्त ने एच/पश्चिम, एच/पूर्व और के/दक्षिण विभागों में चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों से पैदल यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने को कहा। इस दौरान उपायुक्त (आयुक्त कार्यालय) प्रशांत गायकवाड, उपायुक्त (परिमंडल-3) विश्वास मोटे, उपायुक्त (ठोस कचरा प्रबंधन) किरण दिघावकर, एच/पश्चिम विभाग के सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवाड, एच/पूर्व विभाग की सहायक आयुक्त मृदुला अंडे और के/दक्षिण विभाग की सहायक आयुक्त वनिता कोकाटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बीएमसी के ‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान का उद्देश्य फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित पैदल आवागमन की व्यवस्था विकसित करना है।

