22 मिनट के वृत्तचित्र में दिखेगी महाराष्ट्र की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत, आठ भाषाओं में किया गया डब

मुंबई। सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय तथा वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी चैनल के संयुक्त निर्माण में तैयार किए गए ‘पंढरपुर वारी और संतों के पदचिह्न’ वृत्तचित्र का प्रीमियर शो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में गुरुवार को आईनॉक्स सिनेमाघर में आयोजित किया गया। पंढरपुर वारी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया यह वृत्तचित्र दर्शकों को वारी का प्रत्यक्ष अनुभव कराता है। वृत्तचित्र देखने के बाद उपस्थित लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इसे देखते समय ऐसा महसूस हुआ मानो पंढरपुर वारी वास्तव में सिनेमाघर में साकार हो गई हो। प्रीमियर शो में विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, विधायक प्रवीण दरेकर, विधायक निरंजन डावखरे, सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय के प्रधान सचिव एवं महासंचालक बृजेश सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव समृद्धी अनगोळकर, निदेशक डॉ. किशोर गांगुर्डे, गोविंद अहंकारी, सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव अजय भोसले और उपनिदेशक वर्षा आंधळे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
22 मिनट में पंढरपुर वारी की अद्भुत यात्रा
‘पंढरपुर वारी और संतों के पदचिह्न’ 22 मिनट का विशेष वृत्तचित्र है, जिसे वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के सहयोग से तैयार किया गया है। इसमें महाराष्ट्र की सदियों पुरानी पंढरपुर वारी परंपरा, संतों की विरासत, वारकरियों की आस्था और भगवान विट्ठल के प्रति उनकी अटूट भक्ति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। वृत्तचित्र के माध्यम से दर्शकों को पंढरपुर वारी की आध्यात्मिक यात्रा और महाराष्ट्र की समृद्ध संत परंपरा को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। इस वृत्तचित्र को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए मराठी, हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, बांग्ला, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में डब किया गया है। विभिन्न भाषाओं में तैयार वृत्तचित्र का प्रसारण डिस्कवरी नेटवर्क के अलग-अलग उपग्रह चैनलों पर किया जा रहा है।
डिस्कवरी के 9 चैनलों पर प्रसारण
‘पंढरपुर वारी और संतों के पदचिह्न’ वृत्तचित्र का प्रसारण डिस्कवरी, डिस्कवरी एचडी, टीएलसी, टीएलसी एचडी, एनिमल प्लैनेट, एनिमल प्लैनेट एचडी, इन्वेस्टिगेशन डिस्कवरी (आईडी), डिस्कवरी साइंस और डिस्कवरी टर्बो सहित कुल नौ चैनलों पर किया जा रहा है। पंढरपुर वारी महाराष्ट्र की आस्था, भक्ति, सामाजिक समरसता और संत परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जाती है। ऐसे में यह वृत्तचित्र देशभर के दर्शकों को महाराष्ट्र की इस अनूठी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।



