झांसी के 60 उद्यमियों को ई-कॉमर्स से जोड़ने की पहल, वॉलमार्ट वृद्धि कार्यशाला का आयोजन
सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने कहा- डिजिटल बाजार से जुड़कर अपने उत्पादों को देश-विदेश तक पहुंचाएं उद्यमी

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। जनपद के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) और एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना से जुड़े उद्यमियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में वॉलमार्ट वृद्धि कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसमें कुल 60 उद्यमियों और व्यवसायियों ने भाग लिया। कार्यशाला में ओडीओसी से जुड़े 23, ओडीओपी के 27 और एमएसएमई क्षेत्र के 10 उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कारोबारियों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनके उत्पादों की बाजार तक पहुंच बढ़ाना और व्यवसाय विस्तार के नए अवसर उपलब्ध कराना था। मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में उद्यमियों को तकनीकी रूप से सक्षम होना आवश्यक है। डिजिटल तकनीक और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय एमएसएमई उच्च गुणवत्ता वाले विभिन्न उत्पादों के लिए देश-विदेश में पहचाने जाते हैं। वॉलमार्ट वृद्धि जैसे कार्यक्रम न केवल ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को प्रोत्साहित करेंगे, बल्कि एक जनपद-एक उत्पाद और एक जनपद-एक व्यंजन योजनाओं को भी बढ़ावा देंगे।
फ्लिपकार्ट से जुड़कर कारोबार बढ़ाने की दी जानकारी
उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी ने मुख्य अतिथि और उपस्थित उद्यमियों का स्वागत करते हुए कहा कि जो कारोबारी अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं अथवा मौजूदा कारोबार का विस्तार करना चाहते हैं, वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली कंपनी फ्लिपकार्ट के माध्यम से उद्यमी अपने उत्पादों को ऑनलाइन बाजार में उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने कार्यशाला में बताया कि प्लेटफॉर्म से जुड़ने की प्रक्रिया घर बैठे पूरी की जा सकती है और इसके लिए पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाता। हालांकि, कारोबार से संबंधित अन्य लागू शुल्क और शर्तें प्लेटफॉर्म की नीतियों के अनुसार होंगी।
कार्यशाला में वॉलमार्ट के जोनल मोबिलाइजेशन मैनेजर अंशुल गुप्ता, विकास त्यागी और सुष्मिता गौड़ ने वॉलमार्ट वृद्धि कार्यक्रम तथा फ्लिपकार्ट के माध्यम से व्यवसाय को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागी उद्यमियों को तकनीकी मार्गदर्शन देने के साथ उनके व्यवसायों का ऑनलाइन पंजीकरण भी कराया गया।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा व्यापक बाजार
कार्यशाला में बताया गया कि ई-कॉमर्स से जुड़ने पर झांसी के वस्त्र निर्माण, कपड़ा व्यवसाय और मिष्ठान उत्पादन से जुड़े उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए नए बाजार तलाशने में सहायता मिलेगी। एक जनपद-एक उत्पाद योजना के अंतर्गत कपड़ा निर्माण और व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों में जितेन्द्र कुमार, तरुण कंचन, विष्णु चौरसिया, प्रकाश चन्द्र और दीपक वशिष्ठ उपस्थित रहे। वहीं, एक जनपद-एक व्यंजन योजना के अंतर्गत मिष्ठान निर्माण से जुड़े प्रमुख उद्यमियों में संतोष गुप्ता, संजय, उदय कुमार, कौशल कुशवाहा और सियाराम सहित अन्य व्यवसायियों ने भाग लिया। कार्यशाला के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को डिजिटल व्यापार की प्रक्रिया समझाने के साथ अपने उत्पादों को व्यापक ग्राहक वर्ग तक पहुंचाने और व्यवसाय के नए अवसर विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
