
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव जनपद के आसीवन थाना क्षेत्र में एक निजी तालाब में भूमाफियाओं ने कथित रूप से लगातार ज़हरीला कचरा और प्लास्टिक डंप किए जाने से बड़ी संख्या में मछलियों की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में लगातार गंदा कूड़ा और प्लास्टिक फेंके जाने से पानी पूरी तरह प्रदूषित हो गया है, जिसके कारण मछलियां मर रही हैं। वहीं तालाब से उठ रही दुर्गंध के चलते आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है। मामले को लेकर तालाब स्वामी ने प्रशासन को शिकायत देकर जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता सैफउर रहमान सफवी पुत्र स्वर्गीय मोतिउर रहमान, निवासी आसीवन तरफ पश्चिम, जिला उन्नाव ने बताया कि उनका निजी तालाब “गढ़हा” के नाम से जाना जाता है। आरोप है कि मुजफ्फरपुर सर्रा निवासी दिलीप सिंह द्वारा पिछले कई दिनों से तालाब में भारी मात्रा में कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट डंप किया जा रहा है। इससे तालाब का पानी गंभीर रूप से प्रदूषित हो गया है। शिकायत के अनुसार, पानी में ऑक्सीजन की कमी और बढ़ते प्रदूषण के कारण तालाब में पाली गई अधिकांश मछलियां तथा ब्रूडर मछलियां मर गई हैं। कई मरी हुई मछलियां पानी में तैर रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही तालाब में कचरा डालना नहीं रोका गया और सफाई नहीं कराई गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और तालाब को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, तालाब की तत्काल सफाई, मरी हुई मछलियों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण तथा मछली पालन में हुए आर्थिक नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल मामले में प्रशासनिक जांच शुरू होने का इंतजार है।



