
बालाघाट, मध्य प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला स्तरीय सम्मेलन में पार्टी संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति और प्राण है तथा कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम के बल पर ही पार्टी आज मजबूत संगठन के रूप में स्थापित हुई है। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पूर्व उपस्थित नेताओं ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। सम्मेलन के दौरान वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया गया। प्रदेशाध्यक्ष पवन पाटीदार का परसवाड़ा, लामता, चरेगांव, समनापुर, कुम्हारी और बालाघाट नगर में भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने वीर-वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ जनकल्याण शिविर में सहभागिता की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। सम्मेलन का संचालन हितेश ठाकरे ने किया, जबकि प्रस्तावना जिला अध्यक्ष झामसिंह नागेश्वर ने रखी। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राव उदय प्रताप सिंह, राम पटेल, प्रदेश मंत्री अतीत पंवार, जयकिशोर चौधरी, गोपाल आडवानी, जितेंद्र मोहारे, दिलीप चौरसिया, सुधीर चौधरी, हेमेंद्र क्षीरसागर, सुमित यादव, डुलेंद्र ठाकरे, युवराज परिहार, योगेश बिसेन, संजय गौतम, गजेन्द्र भारद्वाज, श्रीमती मीना राहंगडाले, डिल्लन सिंह ताराम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे। सम्मेलन में संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा पिछड़े वर्ग के सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया।



