
मुंबई। भारतीय अर्थव्यवस्था में वैश्विक निवेशकों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और इसी का परिणाम है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तथा भारत की प्रमुख बैंकिंग संस्थाओं के बीच रणनीतिक साझेदारियां स्थापित हो रही हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यूएई की एमिरेट्स एनबीडी और भारत की आरबीएल बैंक के बीच हुई बैंकिंग साझेदारी भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और वैश्विक स्तर पर बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। गुरुवार को कुलाबा स्थित ताज महल पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री फडणवीस प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर आरबीएल बैंक के निदेशक चंदन सिन्हा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर. सुब्रमण्यमकुमार, केंद्रीय वित्त मंत्रालय के सचिव संजय लोहिया, एमिरेट्स एनबीडी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हिशाम अब्दुल्ला अल कासिम तथा समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शेन नेल्सन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। महाराष्ट्र इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और देश में आने वाले कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा राज्य को प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि समृद्धि महामार्ग, मुंबई की आधारभूत संरचना परियोजनाएं और आधुनिक परिवहन सुविधाएं महाराष्ट्र को निवेश के लिए सबसे आकर्षक राज्यों में शामिल करती हैं। मुख्यमंत्री ने आरबीएल बैंक की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराष्ट्र से शुरू हुई यह बैंक अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि एमिरेट्स एनबीडी और आरबीएल बैंक के बीच हुई यह साझेदारी केवल एक व्यावसायिक समझौता नहीं, बल्कि भारत और यूएई के बीच मजबूत होते आर्थिक संबंधों का प्रतीक है। यह साझेदारी विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ दोनों देशों के वित्तीय सहयोग को भी नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत और यूएई के संबंध अभूतपूर्व रूप से मजबूत हुए हैं। इसी का परिणाम है कि दुनिया की प्रतिष्ठित बैंकिंग संस्थाएं भारतीय वित्तीय क्षेत्र के साथ साझेदारी के लिए आगे आ रही हैं। इससे देश की अर्थव्यवस्था को और अधिक गति मिलेगी तथा निवेश और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आरबीएल बैंक राज्य की प्रमुख कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) भागीदार संस्थाओं में शामिल है और इसके माध्यम से ग्रामीण महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। एमिरेट्स एनबीडी के उपाध्यक्ष हिशाम अब्दुल्ला अल कासिम ने कहा कि यह साझेदारी भारत और यूएई के बीच व्यापारिक एवं वित्तीय संबंधों को और मजबूत करेगी। वहीं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शेन नेल्सन ने भारत को विश्व की सबसे तेज़ी से विकसित होने वाली अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि भारतीय बाजार की विशाल संभावनाओं को देखते हुए एमिरेट्स एनबीडी आरबीएल बैंक के साथ मिलकर देश में अपनी उपस्थिति और सेवाओं का विस्तार करेगा। कार्यक्रम का प्रास्ताविक आरबीएल बैंक के कार्यकारी निदेशक जयदीप अय्यर ने किया। आरबीएल बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर. सुब्रमण्यमकुमार ने बैंक की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान एमिरेट्स एनबीडी द्वारा आरबीएल बैंक को निवेश संबंधी चेक भी सौंपा गया। इस अवसर पर दोनों बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और वित्तीय क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



