
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में 15 से 21 जून 2026 तक ‘योग सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने ज़ूम ऐप के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों को योग सप्ताह को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 15 जून को प्रातः 6 बजे अटल एकता पार्क में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास के साथ होगा। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ एवं सुखी समाज का निर्माण किया जा सकता है। योग सप्ताह के दौरान जनपद मुख्यालय, तहसीलों, विकास खंडों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 16 जून को योग आधारित रंगोली प्रतियोगिता और उच्च रक्तचाप प्रबंधन पर संगोष्ठी, 17 जून को स्लोगन लेखन प्रतियोगिता एवं जीवनशैली जनित रोगों में योग की भूमिका पर चर्चा, 18 जून को निबंध लेखन प्रतियोगिता और महिलाओं के लिए योग के महत्व पर संगोष्ठी, 19 जून को भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता तथा मानसिक स्वास्थ्य विषयक कार्यक्रम, 20 जून को योगासन प्रदर्शन प्रतियोगिता और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर माइक्रोप्लान तैयार कर कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की निरंतर प्रक्रिया है और इसे जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। 21 जून को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य योग कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, युवा कल्याण एवं नगर निगम के अधिकारियों को बैठने, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, सुरक्षा एवं स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगजीवन राम ने योग सप्ताह की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एएसपी अरीवा नोमान, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, डीपीआरओ डॉ. बालगोविंद श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अंशुमान तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पतंजलि योग संस्थान, गायत्री परिवार, ब्रह्मकुमारी एवं आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि “स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए योग को दैनिक जीवन में अपनाना समय की आवश्यकता है।”



