Homeउत्तर प्रदेशप्रधानमंत्री आवास योजना के 756 आवंटियों के लिए कार्यशाला आयोजित, बैंक ऋण...

प्रधानमंत्री आवास योजना के 756 आवंटियों के लिए कार्यशाला आयोजित, बैंक ऋण एवं विक्रय-विलेख की दी गई जानकारी

झांसी, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्राम-करारी-01) के अंतर्गत निर्मित 756 आवासों के आवंटियों के लिए झांसी विकास प्राधिकरण सभागार में 9 जून 2026 को तृतीय दिवस की कार्यशाला आयोजित की गई। नगर नियोजक विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य आवंटियों को आवासों के विक्रय-विलेख, बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा देय धनराशि जमा करने संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यशाला की शुरुआत में नगर नियोजक विजय कुमार सिंह ने सभी आवंटियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवंटित आवासों की उपयोगिता एवं उससे जुड़ी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान आवंटियों ने आवासों की देय राशि के सापेक्ष बैंक ऋण प्राप्त करने से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका समाधान नगर नियोजक द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया। कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी शाखाओं से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा औपचारिकताओं की जानकारी दी। बैंक प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक प्रपत्र पूर्ण होने पर पात्र आवंटियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। तीन दिवसीय इस कार्यशाला में लगभग 450 आवंटियों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवंटित आवासों के विक्रय-विलेख, बैंक ऋण तथा देय भुगतान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। नगर नियोजक ने आवंटियों को बताया कि यदि वे 10 जून 2026 को दोपहर 12:30 बजे तक अपने आवंटित आवास की देय राशि ऋण अथवा स्वयं के संसाधनों से जमा कर देते हैं, तो उसी दिन संबंधित भवनों का विक्रय-विलेख संपादित कर दिया जाएगा। कार्यशाला में झांसी विकास प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा बैंक कर्मी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments