HomeCrimeई-रिक्शा चालक का संदिग्ध हालात में मिला शव, पत्नी ने जताई हत्या...

ई-रिक्शा चालक का संदिग्ध हालात में मिला शव, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका, चेहरे और सिर पर चोट के निशान मिलने से बढ़ा संदेह, पुलिस जांच में जुटी

उन्नाव,उत्तर प्रदेश। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के श्रीनगर, शुक्लागंज में एक ई-रिक्शा चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। श्रीनगर निवासी 40 वर्षीय संदीप मिश्रा ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को वह रोज की तरह काम पर निकले थे, लेकिन देर शाम उनका शव श्रीनगर स्थित लोहिया स्कूल के पास पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक की पत्नी अंजली मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो संदीप के शरीर और चेहरे पर चोट के निशान थे। उनके सिर से खून निकल रहा था और चेहरे पर सूजन भी थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति के साथ मारपीट कर हत्या की गई है। अंजली मिश्रा ने किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप नहीं लगाया है, लेकिन पुलिस से पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मौत की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए। परिजनों के अनुसार, संदीप पिछले करीब दो वर्षों से पत्नी के साथ नहीं रह रहे थे। इसके बावजूद वह नियमित रूप से बच्चों से मिलने आते थे और परिवार के संपर्क में थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है। गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments