Wednesday, May 27, 2026
Google search engine
HomeCrimeमैसूर में हाथी दांत तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, DRI ने 3 आरोपियों...

मैसूर में हाथी दांत तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, DRI ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की मुंबई ज़ोनल यूनिट ने मंगलवार को कर्नाटक के मैसूर में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय हाथी दांत की अवैध तस्करी में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से कुल 4.058 किलोग्राम भारतीय हाथी दांत बरामद किया गया। डीआरआई अधिकारियों के अनुसार आरोपी भारतीय हाथी के दांतों की अवैध खरीद-बिक्री और व्यापार में संलिप्त थे। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। भारतीय हाथी (Elephas maximus) को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में शामिल किया गया है। इस श्रेणी में आने वाले वन्यजीवों और उनसे संबंधित वस्तुओं के व्यापार पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसी के तहत बरामद 4.058 किलोग्राम हाथी दांत को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। डीआरआई ने ज़ब्ती की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों और बरामद हाथी दांत को आगे की कार्रवाई हेतु मैसूर टेरिटोरियल रेंज के वन रेंज अधिकारी को सौंप दिया है। अधिकारियों के मुताबिक एशियाई हाथी दांत की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अब भी भारी मांग बनी हुई है। इसकी कोमल बनावट के कारण नक्काशी और कलाकृतियां बनाने में आसानी होती है, जिसके चलते इसे कई वैश्विक बाजारों में प्रतिष्ठा और वैभव का प्रतीक माना जाता है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसके व्यापार पर प्रतिबंध लागू है, इसके बावजूद अवैध तस्करी का नेटवर्क सक्रिय बना हुआ है। डीआरआई ने कहा कि एजेंसी लगातार वन्यजीव तस्करी में शामिल नेटवर्क के खिलाफ अभियान चला रही है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरणीय अपराधों पर रोक और अवैध तस्करी के खिलाफ एजेंसी की सतर्कता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments