Saturday, May 23, 2026
Google search engine
HomeIndia19वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र,...

19वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, प्रधानमंत्री मोदी बोले- दुनिया को भारत के युवाओं पर भरोसा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 19वें रोजगार मेले के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं, भारत की तकनीकी क्षमता और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को लेकर बेहद उत्साहित है। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया का भरोसेमंद सप्लाई चेन पार्टनर बनकर उभर रहा है और इसका सबसे बड़ा लाभ देश के युवाओं को मिलने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने हालिया पांच देशों के दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल कूटनीतिक दौरा नहीं थी, बल्कि दुनिया की कई बड़ी कंपनियों और वैश्विक नेताओं के साथ भारत के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण चर्चाओं का अवसर भी थी। उन्होंने कहा कि हर जगह भारत की विकास यात्रा और भारतीय युवाओं की क्षमता को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विभिन्न देशों के साथ साझेदारी कर रहा है ताकि देश के युवाओं को रोजगार, वैश्विक अवसर और आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में भागीदारी मिल सके। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड के साथ सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन, कृषि और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण चर्चा हुई है। वहीं स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इनोवेशन में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और मैरीटाइम सेक्टर में साझेदारी को आगे बढ़ाया गया है, जबकि संयुक्त अरब अमीरात के साथ ऊर्जा और तकनीकी साझेदारी को मजबूत करने के लिए कई समझौते किए गए हैं। इसके अलावा इटली के साथ रक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति बनी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन अंतरराष्ट्रीय समझौतों और साझेदारियों का सीधा लाभ भारत के युवाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हर नया निवेश, हर टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप और हर औद्योगिक सहयोग युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर लेकर आता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दशकों की वैश्विक अर्थव्यवस्था क्लीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों से संचालित होगी और भारत के युवा इसमें बड़ी भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का भरोसेमंद सप्लाई चेन पार्टनर बन रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि ASML और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के बीच हुआ समझौता भारत के लिए सेमीकंडक्टर क्षेत्र में नई संभावनाएं और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि स्वीडन के साथ एआई और टेक्नोलॉजी सहयोग तथा यूएई के साथ सुपर कंप्यूटिंग साझेदारी भारत की तकनीकी क्षमता को और मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ ग्रीन ट्रांजिशन और सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी में सहयोग भारत को भविष्य की क्लीन मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री में अग्रणी बना सकता है। साथ ही यूएई और नॉर्वे के साथ साझेदारी भारत के शिप बिल्डिंग और मैरीटाइम इंफ्रास्ट्रक्चर को भी नई मजबूती देगी।
गौरतलब है कि रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की केंद्र सरकार की नीति के तहत आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक देशभर में लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। 19वें रोजगार मेले का आयोजन देश के 47 स्थानों पर किया गया, जहां चयनित उम्मीदवार रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग सहित कई केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments