मुंबई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पिछले कुछ दिनों से बने हालात के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसी बीच राज्य में इंधन संकट को लेकर अफवाहें फैलायी जा रही हैं। हालांकि, महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। यह जानकारी राज्य के अन्न, नागरी आपूर्ति एवं ग्राहक संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने शुक्रवार को दी। मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री भुजबल ने कहा कि राज्य में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। नागरिक घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदकर उसका भंडारण न करें। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई स्थानों पर सामान्य आवश्यकता से अधिक ईंधन खरीदा जा रहा है, जिसके कारण मई महीने में सामान्य तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक पेट्रोल-डीजल की बिक्री दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार हर नागरिक को पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने में सक्षम हैं। इसलिए अफवाहों या डर के माहौल में अतिरिक्त भंडारण करने की कोई जरूरत नहीं है। मंत्री भुजबल ने इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों के दौरान हुई ईंधन बिक्री के आंकड़े भी मीडिया के सामने प्रस्तुत किए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे संयम बनाए रखें, केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें और प्रशासन का सहयोग करें।




