एफडीए और वैध मापन विभाग से कार्रवाई की मांग

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) में अधिकारियों की कमी का फायदा कई मेडिकल स्टोर संचालक खुलेआम उठा रहे हैं। दवाओं और खाद्य पदार्थों की बिक्री में मनमानी किए जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला खार पूर्व स्थित गोलीबार रोड, जवाहर नगर इलाके के सोलंकी मेडिकल एंड जनरल स्टोर का है, जहां ग्राहकों से तय मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने और बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की बिक्री किए जाने की बात सामने आई है।जिसकी सत्यता भी सामने आई जब शुक्रवार शाम संवाददाता द्वारा मेडिकल स्टोर से 250 एमएल की दो एनर्जी ड्रिंक “हेल” खरीदी गईं। एक बोतल की कीमत 60 रुपये होने के हिसाब से कुल राशि 120 रुपये बनती थी, लेकिन दुकानदार द्वारा 130 रुपये वसूले गए। बिल मांगने पर दुकानदार ने आनाकानी की और कथित तौर पर कहा, “लेना है तो लो, नहीं तो वापस कर दो।”इतना ही नहीं, मेडिकल स्टोर पर बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की बिक्री भी लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की मनमानी से ग्राहकों का आर्थिक शोषण हो रहा है और दवाओं की अनियमित बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।अब देखना यह है कि वैध मापन शास्त्र विभाग और एफडीए ऐसे मेडिकल स्टोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कब करते हैं, जो तय मूल्य से अधिक वसूली करने और बिना चिकित्सकीय पर्चे दवाओं की बिक्री जैसे नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं।




