Friday, May 15, 2026
Google search engine
HomeCrimeठाणे क्राइम ब्रांच ने ‘लेडी गैंग’ का किया भंडाफोड़, 37 लाख के...

ठाणे क्राइम ब्रांच ने ‘लेडी गैंग’ का किया भंडाफोड़, 37 लाख के सोने के गहने बरामद

ठाणे। ठाणे में क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने सार्वजनिक परिवहन में चोरी करने वाली एक कुख्यात ‘लेडी गैंग’ का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 25 तोला सोने के गहने बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 37.19 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से कालवा, राबोडी, नौपाड़ा और ठाणे शहर समेत विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज चोरी के नौ लंबित मामलों का खुलासा हो गया है।
भीड़भाड़ वाली बसों में यात्रियों को बनाती थीं निशाना
पुलिस के अनुसार, यह गैंग खासतौर पर भीड़भाड़ वाली बसों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाती थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब 72 वर्षीय अंजनी दत्तात्रेय सूर्यवंशी ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि खरेगांव नाका से ओजोन वैली के बीच बस यात्रा के दौरान उनका पर्स चोरी हो गया, जिसमें करीब 12 तोला सोने के गहने रखे थे। आरोप है कि बस में मौजूद तीन महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई—संगीता दशरथ पिठकर (45) व सुरेखा बजरंग गायकवाड़ (47)। दोनों आरोपी मुंबई के मुलुंड पश्चिम क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पिछले दो वर्षों से बस यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई डीसीपी (क्राइम) अमरसिंह जाधव और एसीपी शेखर बगाडे के मार्गदर्शन में की गई। वहीं सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर सचिन गायकवाड़, पीएसआई प्रकाश शिरसाट और उनकी टीम ने जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की आगे जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments