
मुंबई। मंत्री आशीष शेलार ने आरे कॉलोनी क्षेत्र में उपलब्ध करीब 65 एकड़ जमीन पर आगामी मानसून में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आरे जंगल की घनता बढ़ाने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार को दिए गए निर्देशों में कहा गया कि शहर में बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए हरित क्षेत्र का विस्तार आवश्यक है। यह पहल राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे 300 करोड़ वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा है, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने की है। सोमवार को निरीक्षण दौरे के दौरान संबंधित विभागों-संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान, मुंबई महानगरपालिका और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे उपलब्ध भूमि का सर्वे कर यह तय करें कि किन स्थानों पर कितने और किस प्रकार के वृक्ष लगाए जा सकते हैं। साथ ही मियावाकी पद्धति से घना जंगल विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशने को कहा गया है। दौरे के दौरान गोरेगांव पशुवैद्यकीय अस्पताल, महानंद डेयरी, राज्य राखीव पुलिस बल परिसर, कृषि उद्योग विकास कार्यालय, केंद्रीय कुक्कुटपालन केंद्र और मॉडर्न बेकरी परिसर सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक आकलन में लगभग 65 एकड़ भूमि वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त पाई गई है, हालांकि विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रस्तावित मेट्रो भवन की खाली जमीन और आरे मेट्रो कार शेड परिसर में भी वृक्षारोपण की संभावनाओं का अध्ययन कर हरियाली की घनता बढ़ाने पर जोर दिया गया है। मंत्री शेलार ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द एक समग्र कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि मुंबई में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और तापमान में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।




