Monday, May 4, 2026
Google search engine
HomeReligionखाटू श्याम बाबा के भव्य दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

खाटू श्याम बाबा के भव्य दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

ठाणे। ठाणे जिले के कल्याण स्थित नक्षत्र लॉन्स, आधारवाड़ी में श्री खाटू श्याम बाबा का एक भव्य और विशाल धार्मिक आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। “करने वाले भी बाबा श्याम और कराने वाले भी बाबा श्याम” — इसी भाव के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके पश्चात देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने अपने मधुर और जोशीले भजनों से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल श्याममय हो गया। एक के बाद एक कलाकार मंच पर आते रहे और अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करते रहे। भजनों की धुनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए — फिर चाहे बुजुर्ग हों, युवा, महिलाएं या बच्चे, हर कोई श्याम भक्ति में लीन दिखाई दिया। आयोजन स्थल पर एक ओर बाबा श्याम की ज्योत के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी थीं, तो दूसरी ओर कतार में खड़े श्रद्धालुओं का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया जा रहा था। वातावरण को और भी भक्तिमय बनाने के लिए समय-समय पर इत्र का छिड़काव किया गया, जिससे पूरा पंडाल सुगंधित हो उठा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण के साथ-साथ अल्पाहार की सुसज्जित व्यवस्था भी की गई थी। वहीं भोजन के लिए अलग पंडाल में स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रबंध किया गया। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं और पुरुषों के बैठने की व्यवस्था भी अलग-अलग और सुव्यवस्थित ढंग से की गई थी। विशेष आकर्षण रहा बाबा श्याम का सजीव प्रतीत होता काल्पनिक मंदिर, जो रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य फूलों की सजावट से जगमगा रहा था। यह दृश्य श्रद्धालुओं के मन को गहराई से छू रहा था। जैसे-जैसे समय बीतता गया, श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। भक्ति का ऐसा माहौल बना कि लोगों को समय का एहसास ही नहीं रहा। शाम 5 बजे शुरू हुआ यह आयोजन देर रात तक चलता रहा और श्रद्धालु पूरे समय भक्ति में डूबे रहे। यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, एकता और भक्ति की शक्ति का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा, जहां हर कोई “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के भाव में डूबा नजर आया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments