
मुंबई। विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रितु तावड़े से शिष्टाचार भेंट की। शुक्रवार को यह मुलाकात बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) मुख्यालय स्थित महापौर कक्ष में आयोजित हुई, जहां शहरी प्रशासन, पायाभूत सुविधाओं, लोकाभिमुख सेवाओं, बजट प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपने-अपने शहरों के अनुभव साझा करते हुए नगर प्रशासन में अपनाई जा रही नवाचारपूर्ण पद्धतियों और सुधारों पर विचार रखे, वहीं मुंबई महानगर के विकास मॉडल, आधुनिक नागरिक सेवाओं और परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि देशभर की स्थानीय स्वराज्य संस्थाएं इससे प्रेरणा ले रही हैं। यह शिष्टाचार भेंट प्रजा फाउंडेशन (Praja Foundation) के समन्वय से आयोजित की गई थी, जिसमें गोरखपुर, दिल्ली, गुवाहाटी, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, पटना, गुरुग्राम और डिब्रूगढ़ जैसे शहरों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान शहरी बुनियादी ढांचे के विकास, जल आपूर्ति, सीवरेज सिस्टम, कचरा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, ट्रैफिक प्रबंधन, राजस्व वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण, ऑनलाइन नागरिक सेवाएं और शिकायत निवारण व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।मुलाकात से पूर्व प्रतिनिधिमंडल ने बीएमसी मुख्यालय की ऐतिहासिक इमारत का हेरिटेज वॉक किया तथा विभिन्न विभागों का दौरा कर उनकी कार्यप्रणाली को समझा। विशेष रूप से आपदा प्रबंधन विभाग की कार्यशैली और आपातकालीन परिस्थितियों में उसकी तत्परता की सराहना की गई। इस दौरान प्रतिनिधियों ने मुंबई महानगरपालिका की प्रशासनिक दक्षता और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता को एक आदर्श मॉडल बताते हुए इसकी प्रशंसा की।




