Thursday, April 23, 2026
Google search engine
HomeCrimeकांदिवली में एटीएम कैश वैन लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, 62.74 लाख...

कांदिवली में एटीएम कैश वैन लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, 62.74 लाख रुपए बरामद

मुंबई। मुंबई पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए कांदिवली में हुई एटीएम कैश वैन लूट की वारदात को महज़ छह घंटे के भीतर सुलझा लिया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 अप्रैल की रात करीब 9:40 बजे कांदिवली पश्चिम स्थित राजकिरण को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में हुई, जहां एक्सिस बैंक के एटीएम में कैश डालकर पहुंचा सीएसएम इंफोसिस लिमिटेड की वैन से 63.13 लाख रुपए लूट लिए गए थे। जांच में सामने आया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड सुशांत कसारे (32) है, जो कैश-हैंडलिंग कंपनी में ही कार्यरत था। उसने ही पूरी योजना बनाई और मौके पर सुरक्षा गार्ड व अन्य कर्मचारियों का ध्यान भटकाकर कैश से भरे दो बैग लेकर फरार हो गया। बाहर पहले से इंतजार कर रहे उसके साथी सूफियान रज्जब अली (23) ने कार उपलब्ध कराई, जिससे दोनों मौके से भाग निकले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप जाधव और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक करण सोनकावडे के नेतृत्व में चार विशेष टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की, जिससे पता चला कि वे मुंबई-गोवा हाईवे के रास्ते रायगढ़ की ओर भाग रहे हैं। पुलिस उप-निरीक्षक श्रीकांत मगर के नेतृत्व में टीम ने पीछा करते हुए रायगढ़ जिले के पेन तालुका में बाभली-नागोठाणे के पास आरोपियों को घेर लिया। मौके से कसारे को गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन से 62.74 लाख रुपए बरामद कर लिए गए। उसके साथी को भी हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध की योजना बेहद सुनियोजित थी, लेकिन त्वरित तकनीकी जांच और समन्वित कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों में पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments