पूर्व केंद्रीय मंत्री जियाउर रहमान अंसारी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेताओं ने बताया ‘विकास पुरुष’ और सेकुलर व्यक्तित्व, उन्नाव के विकास में उनके योगदान को किया याद

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। भारत सरकार के पूर्व मंत्री एवं जनपद के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय जियाउर रहमान अंसारी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उन्हें विकास पुरुष और सेकुलर व्यक्तित्व बताते हुए उन्नाव के विकास में उनके योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उन्नाव के औद्योगिक विकास, खेल क्षेत्र, बाढ़ से बचाव और हिंदू-मुस्लिम एकता के क्षेत्र में जियाउर रहमान अंसारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि गंगा बैराज, चर्म उद्योग, केंद्रीय विद्यालय और स्टेडियम सहित अनेक विकास कार्यों की सौगात जनपद को उनके प्रयासों से मिली। वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमत सिंह ने अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनसे जुड़े कई संस्मरण साझा किए और युवा पीढ़ी को उनके कृतित्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जियाउर रहमान अंसारी कार्यकर्ताओं को अपने परिवार का सदस्य मानते थे और उन्हें बेटे व भाई की तरह स्नेह देते थे। पूर्व जिलाध्यक्ष जंग बहादुर सिंह ने कहा कि उन्हें अंसारी के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि जब राजीव गांधी पेयजल मिशन योजना के तहत प्रदेश के तीन जिलों को शामिल किया गया था, तब जियाउर रहमान अंसारी के प्रयासों से उन्नाव को भी इसमें स्थान मिला। उन्नाव के कई क्षेत्रों में फ्लोराइड युक्त पानी की समस्या को देखते हुए पानी की टंकियां और इंडिया मार्का हैंडपंप जिले के विभिन्न हिस्सों में स्थापित कराए गए। श्रद्धांजलि सभा को संगठन उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश शुक्ला ‘छुन्ना’, हनुमत सिंह, कमल तिवारी, मधु रावत, दिनेश शुक्ला, शिवम अवस्थी, सैयद सागर हुसैन, ऋषि बाजपेयी, मंसूर अली, अजय गौतम, सुभाष सिंह, युसुफ फारूकी, आशुतोष मिश्रा और संजीव श्रीवास्तव सहित अन्य कांग्रेसजनों ने भी संबोधित किया और स्वर्गीय अंसारी को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने की, जबकि संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष जंग बहादुर सिंह ने किया।
