बेटे की चाह में मां ने एक दिन की नवजात बेटी का गला दबाकर किया कत्ल, पूछताछ में कबूला जुर्म

अशोकनगर जिला अस्पताल की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि, पुलिस ने खंगाले CCTV फुटेज


अशोकनगर, मध्य प्रदेश। जिला अस्पताल में महज एक दिन की नवजात बच्ची की गला दबाकर हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, नवजात की मां ने ही कथित तौर पर बेटे की चाह और दूसरी बार बेटी होने से परेशान होकर बच्ची का गला दबा दिया। पूछताछ में महिला ने वारदात स्वीकार करने की बात कही है। पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में मामले की जानकारी दी। चंदेरी क्षेत्र के सकर्रा गांव निवासी भावना पत्नी केदार विश्वकर्मा ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। पुलिस के मुताबिक, जन्म के अगले दिन अस्पताल के बेड पर नवजात अपनी मां के पास कंबल में सो रही थी, जबकि महिला की सास भी वहीं सो रही थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर नवजात का गला हाथ से करीब दो से तीन मिनट तक दबाए रखा। बच्ची की मौत हो जाने का अंदेशा होने पर उसने गला छोड़ दिया। करीब आधे घंटे बाद बच्ची के मुंह से खून निकलता दिखाई दिया तो महिला ने अपनी सास को इसकी जानकारी दी। सास नवजात को लेकर डॉक्टर के पास पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण गला दबाना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने नवजात की मां, पिता, सास और अन्य परिजनों से पूछताछ शुरू की। हाल ही में प्रसव होने के कारण पुलिस ने महिला से सामान्य तरीके से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान महिला ने बच्ची का गला दबाने की बात स्वीकार की। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी पहले से करीब दो वर्ष की एक बेटी है और दूसरी डिलीवरी में उसे बेटे की उम्मीद थी। महिला ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि दूसरी बार भी बेटी होने के कारण वह परेशान थी। दोनों बच्चों की जिम्मेदारी संभालने की चिंता और परिवार की ओर से ताने मिलने के डर को उसने इस कदम के पीछे कारण बताया। मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। हालांकि, जिस स्थान पर महिला नवजात के साथ थी, वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों से पूछताछ और महिला द्वारा दिए गए कथित बयान के आधार पर मामले का खुलासा करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *