त्योहारों को लेकर झांसी प्रशासन अलर्ट, 900 से अधिक स्थानों पर विराजेंगी दुर्गा प्रतिमाएं

पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश, विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल, बैरिकेडिंग और CCTV की व्यवस्था, सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ही बजेंगे डीजे


देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और अग्रसेन जयंती सहित आगामी पर्वों एवं त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल और पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में धर्मगुरुओं, दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आगामी एक माह पर्वों और त्योहारों की दृष्टि से संवेदनशील है। इस दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ेगी और विभिन्न आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे। इसे देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने, सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखकर कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को भी कहा गया। बैठक में बताया गया कि जनपद में लगभग 900 से अधिक स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा छह मेले लगेंगे, छह स्थानों पर रामलीला का आयोजन होगा और पांच राम बारात निकाली जाएंगी। दुर्गा पूजा आयोजन समितियों से संवाद करते हुए प्रतिमाओं की स्थापना ऐसे सुरक्षित स्थानों पर करने को कहा गया, जिससे सामान्य यातायात प्रभावित न हो। साथ ही लोगों की आस्था और जनभावनाओं का पूरा सम्मान करने के निर्देश दिए गए। मूर्ति विसर्जन के दौरान स्थानीय आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। नदियों का जलस्तर बढ़ा होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पूजा समितियों से संवाद कर अस्थायी तालाबों में प्रतिमा विसर्जन कराने का सुझाव दिया गया। विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए। विसर्जन स्थल तक डीजे नहीं पहुंचेंगे और विसर्जन यात्रा के दौरान डीजे का संचालन उच्चतम न्यायालय की गाइडलाइन के अनुसार ही सुनिश्चित किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि रामलीला हमारी प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है और इसका मंचन देर रात तक चलता है। ऐसे में रामलीला स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरे और फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने के साथ आवश्यकता के अनुसार पुलिसकर्मियों, विशेष रूप से महिला आरक्षियों की तैनाती एवं पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सख्ती की जाए। शरारतपूर्ण बयान देने वालों के प्रति भी जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। पर्वों के दौरान तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और अनावश्यक कटौती नहीं करने के निर्देश दिए गए। प्रतिमा विसर्जन मार्ग सहित अन्य स्थानों पर लटक रहे बिजली के तारों को जल्द ठीक करने को कहा गया। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार पारंपरिक रूप से ही आयोजित किए जाएं। जहां पहले से प्रतिमाएं स्थापित होती रही हैं, वहीं स्थापना की जाए और कोई नई परंपरा शुरू न की जाए। प्रतिमा विसर्जन के जुलूस के निर्धारित मार्ग में भी किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी घटना को छोटी समझकर नजरअंदाज न किया जाए। संबंधित पक्षों की पूरी बात सुनकर समय पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। संवेदनशील मामलों में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचें और आयोजकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें। पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थान पर ही मौजूद रहें। उपद्रवियों, अराजक तत्वों और शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता रंजीत सिंह ने बताया कि शहर की सड़कों पर पैचवर्क का काम युद्धस्तर पर चल रहा है और विसर्जन से पहले सभी संबंधित कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे करा लिए जाएंगे। बैठक में नरोत्तम स्वामी, मुकेश अग्रवाल, पं. पीयूष रावत, विश्व हिंदू परिषद के विनोद अवस्थी, अतुल अग्रवाल किल्पन और रविश त्रिपाठी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने लटकते बिजली के तार ठीक कराने, सड़कों को गड्ढामुक्त करने, अतिक्रमण की समस्या दूर करने तथा आयोजन स्थलों पर पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के सुझाव दिए। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस, सभी उपजिलाधिकारी तथा विद्युत, लोक निर्माण, जल निगम और जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *