
मुंबई (इंद्र यादव): पालघर जिले के नालासोपारा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नालासोपारा (पूर्व) के संतोष भवन क्षेत्र में एक आटा चक्की संचालक की अज्ञात हमलावरों ने गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी दुकान में मौजूद था, तभी हमलावरों ने अंदर घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। चक्की के भीतर का मंजर देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के तहत पुलिस कई एंगल से मामले को खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या कोई अन्य कारण। साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। उल्लेखनीय है कि वसई-विरार और नालासोपारा क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर यह हत्या की करीब छठी-सातवीं घटना बताई जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।




