
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी में सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की गिरती रैंकिंग और विभिन्न योजनाओं में खराब प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने कड़ा रुख अपनाया है। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि लक्ष्य के सापेक्ष कार्यों में तेजी लाई जाए और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जनपद की ओवरऑल रैंकिंग 45वीं और विकास कार्यों में 24वीं रैंक आने पर असंतोष जताया गया। सीएम डैशबोर्ड में कई विभागों को सी और डी श्रेणी मिलने पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। फैमिली आईडी योजना में लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत फैमिली आईडी में खराब प्रदर्शन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीडीओ ने माह में शून्य प्रगति दर्ज करने वाले बीडीओ मोंठ और मऊरानीपुर के खिलाफ सख्त टिप्पणी की, वहीं मात्र 12 फैमिली आईडी बनाने पर बीडीओ बामौर को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ब्लॉकों में शत-प्रतिशत फैमिली आईडी जल्द से जल्द तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री आवास योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी: मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत असंतोषजनक प्रगति पर भी कड़ी नाराजगी जताई गई। मऊरानीपुर (736), गुरसराय (256), बामौर (239) और बबीना (136) में बड़ी संख्या में आवास अपूर्ण पाए गए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र भ्रमण कर जल्द से जल्द सभी आवास पूर्ण कराए जाएं। जननी सुरक्षा योजना में ‘डी’ रैंक पर नाराजगीजननी सुरक्षा योजना में जनपद को डी श्रेणी मिलने पर सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। 18,856 संस्थागत प्रसव के सापेक्ष केवल 22.86 प्रतिशत भुगतान होने पर उन्होंने तत्काल लंबित भुगतान निपटाने के निर्देश दिए।
रैंकिंग सुधारने के लिए सख्त निर्देश: सीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पोर्टल का नियमित निरीक्षण करें और सही डेटा अपलोड सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी जुड़ सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए, ताकि समाधान कर योजनाओं की रैंकिंग में सुधार लाया जा सके।बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रोजेक्ट मैनेजर भी उपस्थित रहे, जिन्हें सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की स्थिति सुधारने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।




