
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव के आर.पी.मेमोरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सदर विधायक पंकज गुप्ता ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे परिवार का दर्पण और भविष्य होते हैं, इसलिए उन्हें शिक्षित और संस्कारित बनाना हर अभिभावक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिशु ईश्वर की अनुपम रचना है और उसका समुचित विकास ही परिवार और समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। विधायक ने जोर देते हुए कहा कि अभिभावक बच्चों की हर गतिविधि पर नजर रखें और विशेषकर किशोरावस्था तक उन्हें मोबाइल फोन से दूर रखते हुए पढ़ाई के समय उनके साथ बैठकर मार्गदर्शन करें। उन्होंने बदलते दौर में डिजिटल प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि आज व्यक्ति साक्षर तो हो रहा है, लेकिन वास्तविक ज्ञान से दूर होता जा रहा है। ऐसे में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुशासन और संस्कार जरूरी हैं।इस अवसर पर विद्यालय के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। पीजी से यूकेजी तक वरीबा, तनिषा और आयजा को सम्मानित किया गया, जबकि किशोर वर्ग में अक्सा, तनवीर और आयुषी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।विद्यालय में सर्वाधिक उपस्थिति के लिए सना और सिद्धि को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न कक्षाओं—पीजी, एलकेजी, यूकेजी से लेकर कक्षा सात तक—के मेधावी छात्रों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।कार्यक्रम में पाठ्येतर गतिविधियों के अंतर्गत बैग, ड्रेस, फैंसी ड्रेस, राखी निर्माण, पतंग निर्माण, मेंहदी, सुलेख, ग्रीटिंग कार्ड सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया। साथ ही जलेबी रेस, म्यूजिकल चेयर, बॉटल रेस, लेमन रेस, कप्स रेस और अन्य खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी पुरस्कार दिए गए।कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक उमाकांत मिश्र ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया, जबकि प्रधानाचार्या सुषमा मिश्रा ने स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिकाओं—एल्मा खान, तुलसी गुप्ता, वंशिका शुक्ला, मनीषा गौतम, मिस्कात फातिमा, कोमल गौतम, प्रीति वर्मा और इकरा—का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन तुलसी गुप्ता और मनीषा गौतम ने किया।




