
झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी-शिवपुरी हाईवे पर स्थित रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव में भव्या गार्डन के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। शुरुआती तौर पर लोगों को यह किसी जानवर का शव लगा, लेकिन पास जाकर देखने पर यह मानव शरीर होने की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय थाना पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर शव किसी पुरुष का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आशंका है कि रात के समय यह हादसा हुआ और शव के ऊपर से कई भारी वाहन गुजर गए, जिससे शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। बताया जा रहा है कि शव के अवशेष करीब 100 मीटर तक हाईवे पर बिखरे पड़े थे, जिससे पहचान करना और भी मुश्किल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रूपेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शव रात के समय का प्रतीत होता है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।




