
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की नवनियुक्त आयुक्त अश्विनी भिडे ने पदभार संभालने के बाद महाराष्ट्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए चुना जाना उनके लिए सम्मान की बात है।उन्होंने पूर्व आयुक्त भूषण गगरानी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी। भिडे ने कहा कि उन्होंने सिविल सेवा में आने की प्रेरणा भी गगरानी से ही ली थी। उन्होंने बताया कि गगरानी कोल्हापुर से हैं और वे स्वयं सांगली से हैं, ऐसे में उनके स्थान पर कार्यभार संभालना उनके लिए विशेष मायने रखता है।अश्विनी भिडे ने कहा कि उन्होंने बीएमसी में चार महत्वपूर्ण वर्षों तक काम किया है, जिसमें कोविड-19 महामारी का चुनौतीपूर्ण दौर भी शामिल रहा। इस अनुभव को उन्होंने अपने करियर का अमूल्य हिस्सा बताया।उन्होंने कहा कि 150 वर्षों से अधिक पुरानी विरासत वाली यह संस्था लगातार खुद को नए रूप में ढालती रही है। आयुक्त के रूप में कार्यभार संभालते हुए वे अपनी टीम के साथ नई चुनौतियों का सामना करने और पूर्व अधिकारियों के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।




