गांधी-शास्त्री जयंती पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विज्ञान प्रदर्शनी में पेश किए अनोखे मॉडल
आर.पी. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में शैक्षिक एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, प्रवीण मिश्र बोले— जीवन में कुछ अलग करने के लिए गांधीजी के मूलमंत्रों को आत्मसात करें

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। बचपन में मनु नाम का एक सामान्य सा बच्चा महात्मा से लेकर राष्ट्रपिता की उपाधि से अलंकृत हुआ। इसके पीछे उनकी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी का बहुत बड़ा योगदान रहा। इसलिए जीवन में कुछ अलग करने की चाह रखने वाले बच्चों को गांधीजी के मूलमंत्रों को आत्मसात करना चाहिए। यह बात भाजयुमो के निवर्तमान अध्यक्ष एवं सदर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण कुमार मिश्र (भानू) ने कही। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शहर के दरोगा बाग स्थित आर.पी.मेमोरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य शैक्षिक एवं विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए मिश्र ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों और प्रदर्शित सामग्रियों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र का कर्णधार बताया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित युवा भाजपा नेता प्रखर गुप्ता ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज का युग ज्ञान और विज्ञान का युग है। बच्चों को नवाचार के साथ विज्ञान के क्षेत्र में कुछ नया और रचनात्मक करने का निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। यही आगे चलकर उनकी अलग पहचान का आधार बनेगा। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुषमा मिश्रा ने प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक और तेजी से बदलते दौर में बच्चों का सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ विद्यालय परिसर में प्रदर्शनी आयोजित की गई, ताकि विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि भाषा, विज्ञान और सामाजिक विषयों का व्यावहारिक ज्ञान भी हासिल कर सकें। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक मॉडल तैयार किए। विद्यार्थियों ने निष्प्रयोज्य सामग्री का इस्तेमाल कर कई उपयोगी उपकरण भी बनाए। संध्या राजपूत ने श्रीकृष्ण जन्मवृत्त, मोनिस ने चंद्रयान, अर्पित ने वाल्मीकि आश्रम और अभिनव सिंह ने महात्मा गांधी एवं उनके चरखे का मॉडल प्रस्तुत किया। इसके अलावा मोहम्मद वैस, आदर्श सविता, मयंक, अयूब, अलशिफा, तनवीर, इंशा, तमन्ना गुप्ता, रेशू, ऋषभ वर्मा, खदीजा, शैवी, समग्र, ऋषिका, पूर्णिमा, एलिजा, सिद्धार्थ, आमना, अनमोल गुप्ता, संगम राजपूत, शौर्य यादव, अनुष्का पाल, अंकुश पाल, इब्राहिम, धैर्य सिंह और रोहन सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपने हाथों से दैनिक जीवन को सुगम बनाने वाले विभिन्न मॉडल और उपकरण तैयार कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक उमाकांत मिश्र ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षिकाओं के अथक प्रयासों से इस अनूठे आयोजन को भव्य रूप दिया जा सका। इस अवसर पर मनीषा गौतम, तुलसी गुप्ता, मिसकात फातिमा, इकरा, प्रीति और श्वेता यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अभिभावकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार शैक्षिक मॉडल, विज्ञान प्रोजेक्ट और कलाकृतियों का अवलोकन कर बच्चों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता की जमकर सराहना की।
