Monday, March 16, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraराहुरी और बारामती विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 23 अप्रैल को, 4 मई...

राहुरी और बारामती विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 23 अप्रैल को, 4 मई को होगी मतगणना

मुंबई। भारत निर्वाचन आयोग ने देश के छह राज्यों के आठ विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराने का कार्यक्रम घोषित किया है। इसमें महाराष्ट्र के राहुरी (जिला अहिल्यानगर) और बारामती (जिला पुणे) विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं। राहुरी के विधायक शिवाजी भानुदास कर्डिले तथा बारामती के विधायक अजीत अनंतराव पवार के निधन के कारण ये दोनों सीटें रिक्त हो गई थीं। इन रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों पर मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट (वीवीपीएटी) के माध्यम से कराया जाएगा। मतदाताओं की पहचान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र मुख्य दस्तावेज रहेगा। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, बैंक या डाकघर पासबुक, मनरेगा जॉब कार्ड और स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड जैसे दस्तावेज भी पहचान के रूप में स्वीकार किए जाएंगे। इस बीच चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। निर्वाचन आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों की जानकारी उम्मीदवारों और संबंधित राजनीतिक दलों को चुनाव प्रचार के दौरान तीन बार सार्वजनिक करना अनिवार्य होगा। निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को मतदान होगा और 4 मई 2026 को मतगणना की जाएगी। कार्यक्रम के तहत 30 मार्च 2026 (सोमवार) को चुनाव के लिए राजपत्र अधिसूचना जारी की जाएगी। 6 अप्रैल 2026 (सोमवार) नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी, जबकि 7 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 9 अप्रैल 2026 (गुरुवार) नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में 23 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद 4 मई 2026 (सोमवार) को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया 6 मई 2026 (बुधवार) तक पूरी कर ली जाएगी। उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने सभी प्रशासनिक और चुनावी मशीनरी को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments