Sunday, March 15, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraपुणे में 200 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जाएगा: मुख्यमंत्री देवेंद्र...

पुणे में 200 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जाएगा: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों ‘मेट्रो भवन’ का उद्घाटन

पुणे। पुणे मेट्रो परियोजना के कारण शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिली है और नागरिकों ने मेट्रो सेवा को उत्साहपूर्वक स्वीकार किया है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग ढाई लाख यात्री मेट्रो सेवा का उपयोग कर रहे हैं। भविष्य में पुणे महानगरपालिका, पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका और पीएमआरडीए क्षेत्र को शामिल करते हुए लगभग 200 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित करने की योजना है। यह जानकारी रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी। उन्होंने कहा कि तेजी से हो रहे शहरी विकास को ध्यान में रखते हुए पुणे मेट्रो और नगर विकास विभाग को इस पूरे नेटवर्क की विस्तृत योजना जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं और इसके लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है। पुणे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाले पुणे मेट्रो परियोजना के प्रशासनिक मुख्यालय ‘मेट्रो भवन’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया। इसी अवसर पर वे संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पुणे की पालकमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, नगर विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, पुणे की मेयर मंजूषा नागपुरे, सांसद मेधा कुलकर्णी, विधायक योगेश तिलेकर, भीमराव तापकीर, सुनील कांबले, हेमंत रासने, बापू पठारे, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव असीम गुप्ता, पुणे के संभागीय आयुक्त चंद्रकांत पुलकुंडवार तथा महामेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रवण हार्डिकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पुणे मेट्रो परियोजना की शुरुआत कुछ कारणों से धीमी रही, लेकिन एक बार गति मिलने के बाद इसे तेजी से पूरा किया गया। आज यह परियोजना देश की सबसे तेज़ी से पूरी होने वाली मेट्रो परियोजनाओं में शामिल है। मेट्रो स्टेशनों के आधुनिक डिज़ाइन, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी, यात्री सुविधाएं और अत्याधुनिक तकनीकी प्रणाली इस परियोजना की विशेषताएं हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पुणे में लगभग 33 किलोमीटर का मेट्रो मार्ग चालू है। टाटा समूह के सहयोग से 23 किलोमीटर लंबी सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) आधारित मेट्रो परियोजना का काम भी अंतिम चरण में है। इसमें से 12 किलोमीटर मार्ग का उद्घाटन मई में और शेष 11 किलोमीटर मार्ग जुलाई में शुरू करने की योजना है। इन दोनों परियोजनाओं के साथ पुणे का कुल मेट्रो नेटवर्क लगभग 56 किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। इसके अलावा 55 किलोमीटर लंबा मेट्रो कार्य निर्माणाधीन है और लगभग 80 किलोमीटर विस्तार प्रस्तावित है। भविष्य में पुणे महानगरपालिका, पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका और पीएमआरडीए क्षेत्र को जोड़ते हुए करीब 200 किलोमीटर का व्यापक मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पुणे के तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए सभी प्रस्तावित मार्गों का डीपीआर एक साथ तैयार किया जाए और इसमें भविष्य के ग्रोथ सेंटर, नए हवाई अड्डे, औद्योगिक क्षेत्र और विकसित हो रहे उपनगरों को ध्यान में रखा जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भूमिगत, एलिवेटेड और सतह मार्गों के माध्यम से परिवहन व्यवस्था विकसित कर पुणे को यातायात जाम से मुक्त और टिकाऊ शहर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मेट्रो भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित: उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि मेट्रो भवन केवल एक प्रशासनिक मुख्यालय नहीं बल्कि आधुनिक पुणे की प्रगति का प्रतीक है। अत्याधुनिक इंजीनियरिंग और सुव्यवस्थित नियोजन का यह उत्कृष्ट उदाहरण है, जो पुणे की प्रशासनिक संरचना को और मजबूत करेगा। उन्होंने पुणे मेट्रो परियोजना के लिए दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार द्वारा किए गए कार्यों का भी स्मरण किया। उन्होंने बताया कि मुळा-मुठा नदी के किनारे विकसित यह भवन पर्यावरण के अनुकूल तरीके से बनाया गया है। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ राज्य के विकास के महत्वपूर्ण केंद्र हैं और बढ़ती जनसंख्या के कारण यहां यातायात पर भारी दबाव था। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने रिंग रोड, चौड़ी सड़कें, सेवा सड़कें, अंडरपास, पुल और मेट्रो परियोजनाओं जैसे बड़े बुनियादी ढांचा प्रकल्पों के माध्यम से यातायात समस्या को कम करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि स्वारगेट–कात्रज, पिंपरी-चिंचवड़–भक्ति शक्ति चौक, वनाज–चांदनी चौक, रामवाड़ी–वाघोली, खडकवासला–खराडी, वारजे–नळस्टॉप तथा हडपसर–सासवड और हडपसर–लोणी कालभोर जैसे महत्वपूर्ण मेट्रो मार्गों को आगे बढ़ाया जा रहा है। भविष्य में पुणे हवाई अड्डा और चाकण एमआईडीसी को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। कार्यक्रम की शुरुआत में महामेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर ने प्रस्तावना देते हुए पुणे मेट्रो परियोजना और मेट्रो भवन में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments