
मुंबई। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एयरपोर्ट अधिकारियों द्वारा जारी ऑपरेशनल निर्देशों के बाद 15 मार्च 2026 को भारत और यूएई के बीच संचालित होने वाली अपनी कई निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी। एयरलाइन के अनुसार इस फैसले के कारण उस दिन उसके एड-हॉक (अस्थायी) उड़ान संचालन को भी कम करना पड़ा है। एयरलाइन द्वारा जारी बयान के मुताबिक रविवार को भारत और यूएई के प्रमुख हवाई अड्डों- अबू धाबी, रास अल खैमाह और शारजाह के बीच संचालित होने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एयरलाइन ने कहा कि यूएई एयरपोर्ट अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए यह फैसला लिया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने स्पष्ट किया कि 15 मार्च को इन तीनों यूएई गंतव्यों के लिए आने-जाने वाली उसकी सभी निर्धारित सेवाएं संचालित नहीं होंगी। हालांकि एयरलाइन ने यह भी बताया कि वह दिल्ली से दुबई के बीच एक राउंड-ट्रिप उड़ान संचालित करने की योजना बना रही है, जो स्लॉट की उपलब्धता और उस समय की परिचालन परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।
उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों के लिए एयरलाइन ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें यात्रियों को अपनी यात्रा की तारीख बदलने या टिकट का पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है। एयरलाइन ने कहा कि जिन यात्रियों ने रद्द या अस्थायी रूप से निलंबित सेवाओं के लिए टिकट बुक किया है, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी बुकिंग भविष्य की किसी तारीख के लिए रीशेड्यूल कर सकते हैं या पूरा रिफंड ले सकते हैं। एयरलाइन ने ऑपरेशन में अचानक हुए बदलाव के कारण यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है। माना जा रहा है कि उड़ानों के रद्द होने से रविवार को भारत और यूएई के बीच यात्रा करने वाले बड़ी संख्या में यात्री प्रभावित हो सकते हैं। आगे के अपडेट यूएई के एयरपोर्ट अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों और परिचालन स्थिति पर निर्भर करेंगे।




