
इन्द्र यादव
मुंबई। मुंबई पुलिस के जोन-7 ने ईमानदारी और कार्यकुशलता की मिसाल पेश करते हुए ‘मालमत्ता प्रदान कार्यक्रम’ के तहत चोरी हुई संपत्ति बरामद कर उसे उसके असली मालिकों को वापस सौंपा। इस अभियान के तहत मुलुंड, विक्रोली और कांजुरमार्ग सहित कुल आठ पुलिस स्टेशनों की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई कर करोड़ों रुपये मूल्य का सामान बरामद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वे नागरिक पहुंचे, जिनके मोबाइल फोन, सोने के आभूषण या वाहन चोरी हो गए थे। मंच पर सजे सैकड़ों मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान पुलिस की कार्रवाई की सफलता का प्रमाण बने।
सैकड़ों मोबाइल फोन और कीमती सामान बरामद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विक्रोली, मुलुंड और नवघर पुलिस स्टेशनों द्वारा बरामद किए गए सैकड़ों मोबाइल फोन कार्यक्रम में प्रदर्शित किए गए। इसके अलावा लाखों-करोड़ों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकद राशि भी उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। बरामद सामान में एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी आकर्षण का केंद्र रही। इस कार्यक्रम में डॉ. महेश पाटिल (अपर पुलिस आयुक्त) और हेमराजसिंह राजपूत (पुलिस उपायुक्त) सहित जोन-7 के सभी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में लोग मोबाइल या अन्य सामान चोरी होने के बाद उम्मीद छोड़ देते हैं, लेकिन तकनीक और पुलिस की सतर्कता से बड़ी संख्या में चोरी का माल बरामद कर नागरिकों को वापस सौंपा गया है। कार्यक्रम के दौरान अपनी खोई हुई संपत्ति वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। इस पहल से पुलिस और आम जनता के बीच भरोसा और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।




