Saturday, March 7, 2026
Google search engine
HomeCrimeमुंब्रा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर के बाहर फायरिंग, पुलिस ने...

मुंब्रा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर के बाहर फायरिंग, पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा


इंद्र यादव
मुंबई।
ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में शनिवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब कौसा क्षेत्र में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिल्डर के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि मुंब्रा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मुख्य आरोपी को फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार घटना 7 मार्च 2026 की सुबह करीब 4:54 बजे की है। कौसा स्थित अरमान को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले बिल्डर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नदीम मोइनुद्दीन खान उर्फ बाबा खान (45) के घर के बाहर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। हमलावरों ने उनकी कार (MH 03 CN 5900) पर दो गोलियां चलाईं और एक राउंड हवाई फायर किया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बीट मार्शल की टीम महज पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस निरीक्षक तेजस सावंत और अधिकारी सोनवणे की डिटेक्शन टीम ने मोर्चा संभाला। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि फायरिंग करने वाला आरोपी आचार गली के एक कबाड़ गोदाम में छिपा हुआ है। जब पुलिस टीम ने गोदाम की घेराबंदी कर आरोपी को बाहर आने के लिए कहा तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय दोनों हाथों में पिस्टल लेकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी वहां से भागकर आसपास की गलियों में निकल गया। भागते समय आरोपी शहाबाद उर्फ शब्बू मुन्ना शमशाद कुरेशी (28) ने पुलिस और वहां मौजूद लोगों पर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे दो लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत कालसेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाके को देखते हुए पुलिस ने संयम बरतते हुए कार्रवाई की। अंततः पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान उसके पास से दो पिस्टल, चार मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में करीब आठ साल सजा काट चुका है और उसके खिलाफ जाफराबाद पुलिस स्टेशन में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कुल 10 से 12 राउंड फायरिंग की थी। इस कार्रवाई में तेजस सावंत, अजीज तडवी, अजिंक्य महाडिक समेत कई पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल इलाके में शांति है और बाबा खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले में आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments