
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 73 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र गरीबों तक पहुंचे और सभी विभाग अपनी योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य एवं उपलब्धियां नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों से साझा करें, ताकि कार्यों का सत्यापन हो सके और समस्याओं का समाधान शासन स्तर पर कराया जा सके। उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र व्यक्तियों के पारदर्शी चयन पर जोर देते हुए लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने के निर्देश दिए। बैठक में विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन-2025 (VB-G RAM G) पर चर्चा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार और जनप्रतिनिधियों को गाइडलाइन उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों को ब्लॉकों में निर्मित 15 दुकानों का आवंटन करने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा ‘एक जिला एक व्यंजन’ को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए, ताकि समूहों की आय में वृद्धि हो सके। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण व शहरी) की समीक्षा में लंबित 18,368 शहरी आवेदनों की प्राथमिकता से जांच करने तथा लाभार्थियों से किसी प्रकार की धनराशि न लिए जाने की जानकारी सार्वजनिक करने को कहा गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मऊरानीपुर में ट्रामा सेंटर की स्थापना हेतु भूमि चिन्हित करने का सुझाव दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, निजी एंबुलेंस द्वारा मरीजों को बाहर ले जाने की शिकायतों और आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत उपचार की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि 10 में से 7 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा शेष 3 में शीघ्र जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की ग्रामवार सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने और उन्हें पुनः आवागमन योग्य बनाने पर बल दिया गया। सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कार्यों की समीक्षा करते हुए झांसी-कानपुर सिक्स लेन परियोजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर ओवरब्रिज निर्माण हेतु शीघ्र सर्वे कराने, राष्ट्रीय राजमार्गों के गड्ढों की मरम्मत, अवैध कट बंद करने और छुट्टा गोवंश से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार पर संतोष व्यक्त किया। विधायक सदर श्री रवि शर्मा ने नगर क्षेत्र में बेहतर आपूर्ति और सब स्टेशन की क्षमता वृद्धि की सराहना की। अन्य जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, रेलवे, दूरसंचार, एमएसएमई और डिफेंस कॉरिडोर से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, विधायकगण, एमएलसी, नगर आयुक्त एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



