गिरगांव चौपाटी पर सीएम फडणवीस और डिप्टी सीएम शिंदे ने गणराय पर की पुष्पवर्षा

मुंबई। गिरगांव चौपाटी पर गणेश विसर्जन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गणराय पर पुष्पवर्षा कर भक्तिभाव से विदाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने गणराय से प्रार्थना करते हुए कहा कि “कुबुद्धि का विसर्जन हो और सभी को सद्बुद्धि प्राप्त हो।”मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्यभर में गणेश विसर्जन की शोभायात्राएं सुव्यवस्थित तरीके से चल रही हैं। विशेष रूप से मुंबई और पुणे में पुलिस प्रशासन तथा महानगरपालिकाओं ने उत्कृष्ट व्यवस्था की है, जिससे विसर्जन शोभायात्राएं सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रही हैं। उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस की सराहना करते हुए उसे देश और विश्व के अच्छे एवं सक्षम पुलिस बलों में से एक बताया।उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों ने अनुशासन और पर्यावरण अनुकूलता के आह्वान को सकारात्मक प्रतिसाद देते हुए उत्सव मनाया। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगरपालिका और मुंबई पुलिस ने गणेशोत्सव का अत्यंत सुव्यवस्थित एवं अनुशासित नियोजन किया है।इस अवसर पर कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, बृहन्मुंबई महानगरपालिका की महापौर ऋतु तावड़े, सांसद मिलिंद देवरा, विधायक अमित साटम, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, आयुक्त अश्विनी भिडे, मुंबई की जिलाधिकारी आंचल गोयल, बेस्ट समिति की अध्यक्षा तृष्णा विश्वासे, अतिरिक्त आयुक्त अविनाश ढाकणे, उपायुक्त चंदा जाधव एवं प्रशांत सपकाळ, सहायक आयुक्त संतोष साळुंके सहित विभिन्न देशों के भारत स्थित महावाणिज्यदूत और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *