मुंबादेवी मंदिर के पास पांच मंजिला इमारत में लगी आग, 10 लोगों को सुरक्षित बचाया
तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को फायर ब्रिगेड ने निकाला, दो घंटे के भीतर आग पर पाया काबू

मुंबई। भुलेश्वर स्थित मुंबादेवी मंदिर के पास शुक्रवार दोपहर पांच मंजिला भैरूमल हाउस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों पर फंसे कम से कम 10 लोगों को मुंबई फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। बीएमसी डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के अनुसार, आग दोपहर करीब 1.15 बजे मुंबादेवी रोड स्थित ग्राउंड प्लस चार मंजिला भैरूमल हाउस के ग्राउंड फ्लोर पर लगी। आग इलेक्ट्रिक मीटर केबिन और दो कमर्शियल यूनिट्स से शुरू हुई और बिजली की वायरिंग, इलेक्ट्रिक सामान, कॉमन मीटर केबिन, लकड़ी की सीढ़ी तथा रास्ते में लगी बिजली की केबलों तक सीमित रही। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी वार्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आग और धुएं के कारण इमारत की तीसरी मंजिल पर कई लोग फंस गए थे। इनमें से सात लोगों को फायर ब्रिगेड के जवानों ने सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित नीचे उतारा। वहीं, तीसरी मंजिल पर मौजूद तीन अन्य लोग घबराकर पास की ADN बिल्डिंग की चौथी मंजिल की मुंडेर तक पहुंच गए थे। फायर ब्रिगेड ने एरियल लैडर प्लेटफॉर्म की मदद से तीनों को सुरक्षित बचा लिया। आग बुझाने का काम शुरू करने से पहले BEST कर्मचारियों ने इमारत की बिजली आपूर्ति बंद की। दमकलकर्मियों ने एक छोटी होज लाइन और दो फर्स्ट-एड होज लाइनों का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया। पास की ग्राउंड फ्लोर की कमर्शियल यूनिट्स में भी धुआं भर गया था। बंद यूनिट्स को खोलकर धुआं बाहर निकालने और हवा की आवाजाही की व्यवस्था की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 2.45 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
