यूपी की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे रोजगार मेले

प्रत्येक विधानसभा में 500 युवाओं को रोजगार का अवसर देने का लक्ष्य, 75 जिलों में भी होंगे बड़े आयोजन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत पहली बार सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। सेवायोजन विभाग ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 500 युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। विभाग के अनुसार, अगले महीने से मेले शुरू होने की संभावना है और सभी आयोजन 31 मार्च तक पूरे करने की योजना है।विधानसभा स्तर पर रोजगार मेले आयोजित करने के लिए प्रत्येक क्षेत्र को पांच लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के सभी 75 जिलों में भी वृहद रोजगार मेले लगेंगे, जिनके लिए प्रति जिले दस लाख रुपये का बजट रखा गया है। मेलों में निजी क्षेत्र की कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा। कंपनियां अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी कौशल और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। हाईस्कूल से स्नातक तक की योग्यता वाले 18 से 40 वर्ष के युवा इन मेलों में भाग ले सकेंगे। इसके लिए सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। सेवायोजन निदेशक नेहा प्रकाश ने बताया कि मेलों के लिए बजट भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। विभाग ने विधानसभा और जिला स्तर के मेलों के माध्यम से दो लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा है। वास्तविक नियुक्तियां कंपनियों की चयन प्रक्रिया पर निर्भर करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *