पत्नी की हत्या के मामले में पति और उसका साथी गिरफ्तार

इंद्र यादव/ठाणे। कासारवडवली पुलिस थाने में दर्ज महिला की हत्या के मामले को ठाणे की वागले क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने महिला के पति अमोल दिलीप वाघमारे (45) और उसके साथी कृपाल किशोर भैसारे (31) को नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को कासारवडवली पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 575/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम दोनों संदिग्धों तक पहुंची। पुलिस ने उसी दिन नागपुर में उनके ठिकानों पर कार्रवाई कर उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए ठाणे लाया। क्राइम ब्रांच का दावा है कि अमोल को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी कारण उसने कथित तौर पर कृपाल की मदद से चाकू से पत्नी के गले पर वार किया और दोनों घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस मामले में दोनों की भूमिका की आगे जांच कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. पंजाबराव उगले और पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ घार्ने और वागले क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *