राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए रतलाम मंडल के पांच अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत

रतलाम, मध्य प्रदेश। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राजभाषा हिंदी के प्रयोग तथा प्रधान कार्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त किए हैं। वर्ष 2025-26 के दौरान हिंदी में सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता मनोज छावड़ा और रतलाम के स्टेशन प्रबंधक राजेश कुमार श्रीवास्तव को राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि मुंबई के चर्चगेट स्थित पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय में आयोजित राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह में महाप्रबंधक ने मनोज छावड़ा को अधिकारी वर्ग और राजेश कुमार श्रीवास्तव को कर्मचारी वर्ग में सम्मानित किया। प्रधान कार्यालय की राजभाषा प्रतियोगिताओं में भी मंडल के तीन कर्मचारियों को पुरस्कार मिले। कार्यालय अधीक्षक पूर्वा कोठारी ने वॉक प्रतियोगिता, गोपनीय सहायक जनार्दन कुमार ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और गोपनीय सहायक कुमार राजीव रंजन सिन्हा ने हिंदी टिप्पणी प्रतियोगिता में पुरस्कार प्राप्त किया। इन प्रतियोगिताओं और पुरस्कारों का उद्देश्य रेलकर्मियों को दैनिक सरकारी कामकाज में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
