विश्वकर्मा जयंती पर कामगारों को मिला स्वरोजगार का सहारा, योगी ने बांटे चेक और टूलकिट
लखनऊ में ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला-2026’; सैलून, सुनार, दर्जी, बढ़ई और कुम्हार समेत पारंपरिक कामगारों को मिला लाभ

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला-2026’ तथा टूलकिट एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता के चेक और विभिन्न जिलों से आए पारंपरिक कामगारों को टूलकिट वितरित किए। आलमबाग निवासी मोहम्मद मुश्ताक को सैलून व्यवसाय के लिए ₹2 लाख का चेक दिया गया। पिछले करीब 25 वर्षों से सैलून का काम कर रहे मुश्ताक ने कहा कि इस आर्थिक सहायता से उन्हें अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। कानपुर निवासी अवधेश, जो करीब 20 वर्षों से सोने के आभूषण बनाने का काम कर रहे हैं, को सुनार की टूलकिट प्रदान की गई। वहीं बाराबंकी की वंदना और रमा जायसवाल को सिलाई मशीनें दी गईं। वंदना ने बताया कि वह सिलाई के जरिए परिवार की आर्थिक मदद कर रही हैं, जबकि रमा ने कहा कि टूलकिट मिलने से उन्हें अपना काम आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। बढ़ई का काम करने वाले राहुल शर्मा को ₹1 लाख का चेक प्रदान किया गया। पिछले आठ वर्षों से इस पेशे से जुड़े राहुल ने बताया कि आर्थिक सहायता से वह अपने काम के लिए जरूरी औजार खरीद सकेंगे। उन्होंने स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को आगे भी जारी रखने की उम्मीद जताई। उन्नाव निवासी आनंद कुमार को भी बढ़ई के काम के लिए ₹1 लाख की सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि सरकारी सहायता मिलने से छोटे कामगारों को अपना रोजगार मजबूत करने का अवसर मिल रहा है। अयोध्या निवासी राम को कुम्हार के काम के लिए टूलकिट प्रदान की गई। कार्यक्रम में कई लाभार्थियों ने राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना की और अपने अनुभव साझा किए। कुछ लाभार्थियों ने पिछली और वर्तमान सरकार की योजनाओं की तुलना करते हुए वर्तमान व्यवस्था की प्रशंसा भी की। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और कामगारों को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षण तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके स्वरोजगार को मजबूत करना है। लाभार्थियों ने कहा कि टूलकिट और वित्तीय मदद से उन्हें अपने व्यवसाय का विस्तार करने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने में सहायता मिलेगी।
